मथुरा रिफाइनरी में गांधी जयंती पर वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 


मथुरा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार मथुरा रिफाइनरी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान बापू के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

इस अवसर पर मथुरा रिफाइनरी के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों ने गांधी जी के जीवन, उनके विचारों तथा देश के स्वतंत्रता आंदोलन में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके उच्च आदर्शों को अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में पूरी निष्ठा से अपनाने का संकल्प लिया।

गांधी जयंती के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर की दिशा में विशेष पहल करते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। रिफाइनरी परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के फलदार व छायादार पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

रिफाइनरी प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक मुकुल अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के सिद्धांत आज भी समाज व राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने सभी से बापू के विचारों को अपने दैनिक जीवन एवं कार्य व्यवहार में आत्मसात करने का आह्वान किया।

पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने रिफाइनरी परिवार से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास (सस्टेनेबल डेवलपमेंट) के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए राष्ट्रपिता के आदर्शों पर चलने की शपथ ली।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार