संजय सेतु की मरम्मत के लिए घाघरा नदी पर बनेगा पांटून पुल, 6.28 करोड़ रुपये मंजूर

 


बाराबंकी, 27 फ़रवरी (हि.स.)। नेशनल हाईवे-927 बाराबंकी-बहराइच मार्ग पर स्थित संजय सेतु की मरम्मत कार्य की अवधि में यातायात के लिए घाघरा नदी पर पांटून (पीपे) का अस्थायी पुल बनाया जाएगा। इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 6.28 कराेड़ रुपये के बजट को हरी झंडी दी है।

इस पांटून पुल के निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री जुटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। योजना के अनुसार, प्रयागराज की कार्यशाला (झूंसी/इलाहाबाद वर्कशॉप) से 208 पीपे बड़े ट्रकों और ट्रेलरों के जरिए घाघराघाट लाए जाएंगे। इन पीपों को नदी किनारे उतारकर 104 जोड़ी के सेट में असेंबल किया जाएगा, जिससे वाहनों के गुजरने के लिए मजबूत रास्ता तैयार हो सके। एनएचएआई के परियोजना निदेशक नकुल प्रकाश वर्मा ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया है कि पुल का निर्माण 15 अप्रैल 2026 तक या उससे पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाए। कार्य की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने साफ किया है कि बजट हस्तांतरण की प्रक्रिया चलती रहेगी, लेकिन कार्य को तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी