बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत कराएं : प्रमिला पांडेय
कानपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। बरसात का मौसम बीत चुका है, इसलिए शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की मरम्मत जल्द पूरी कराई जाए। साथ ही सीएम ग्रिड के अधूरे कामों को भी तेजी से पूरा कराया जाए। यह निर्देश महापौर प्रमिला पांडेय ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में सड़कों की स्थिति की समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में महापौर और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जोनवार क्षतिग्रस्त सड़कों और उनके पैचवर्क की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जोन-1 में 18, जोन-2 में 131, जोन-3 में 40, जोन-4 में 21, जोन-5 में 43 और जोन-6 में 37 सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। इनमें कई सड़कों पर कच्चा पैचवर्क कराया जा चुका है, जबकि पक्के पैचवर्क के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जोन-4 में सात सड़कों का काम पूरा भी हो चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि छह जोन में क्षतिग्रस्त सड़कों के पैचवर्क पर करीब 34 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। महापौर ने टेंडर में कम दरों और काम की गुणवत्ता को लेकर भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश टेंडर करीब 15 प्रतिशत तक कम दर पर हुए हैं।
बैठक में सीएम ग्रिड के कार्यों की भी समीक्षा हुई। बताया गया कि फिलहाल पांच सड़कों पर काम चल रहा है, जिनकी कुल लागत 185 करोड़ 66 लाख रुपये है। प्रथम चरण में शासन से 46 करोड़ रुपये मिले थे। जलकल अधिकारियों ने बताया कि सीवर और वाटर लाइन शिफ्टिंग के लिए प्रथम चरण में 15वें वित्त आयोग से 34 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई थी। महापौर ने सभी संबंधित अधिकारियों को सड़क मरम्मत और सीएम ग्रिड के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप