सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता की लिखित परीक्षा में 71 छात्रों ने किया प्रतिभाग

 


औरैया, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद कस्बा सहार स्थित स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का मंगलवार को आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता प्रधानाचार्य किशोर कुमार के निर्देशन में लगातार दूसरे वर्ष संपन्न हुई।

प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के 71 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम संयोजक एवं भौतिकी प्रवक्ता रामेन्द्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि छात्रों को एक माह पहले ही उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य ज्ञान सामग्री उपलब्ध करा दी गई थी, ताकि वे बेहतर तैयारी कर सकें। आज आयोजित लिखित परीक्षा में 40 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस पहल का उद्देश्य छात्रों में सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम के आधार पर चयनित विद्यार्थियों को 11 मई को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों हरेन्द्र यादव, दीपनारायण, सूरज पाल, गौरव पाण्डेय, विपुल कुमार, सरफराज अहमद, राजेश अवस्थी, मोहित राजावत, अंकेश कुमार, मिथिलेश गुप्ता और रेखा मिश्रा का विशेष योगदान रहा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार