और बढ़ेगा रामगढ़ताल का आकर्षण, खुलेगा अत्याधुनिक बैंबू रेस्टोरेंट
गोरखपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। पूर्वी उत्तर प्रदेश के सबसे प्रमुख पर्यटन केंद्रों में से एक, रामगढ़ताल का आकर्षण अब और बढ़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप रामगढ़ताल को विश्व स्तरीय पर्यटन हब बनाने में जुटे जीडीए (गोरखपुर विकास प्राधिकरण) ने ताल में एक अत्याधुनिक पर्यटन सेवा शुरू करने की पहल की है। ताल की खूबसूरती में चार चांद लगाने के लिए अब यहां एक अत्याधुनिक और ईको फ्रेंडली 'बैंबू रेस्टोरेंट' (बांस से बना रेस्टोरेंट) शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए जीडीए ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। बैंबू रेस्टोरेंट के निर्माण और गुणवत्ता के मानक जीडीए तय करेगा, जबकि इसका संचालन निजी क्षेत्र द्वारा किया जाएगा। रामगढ़ताल में बैंबू रेस्टोरेंट शुरू करने के स्टेट वेटलैंड कमेटी से अनुमति मिल गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन से निखरे नैसर्गिक रामगढ़ताल को पिछले कुछ सालों से पूर्वी उत्तर प्रदेश के शानदार टूरिस्ट स्पॉट के रूप में जाना जाता है। ताल में क्रूज (लेक क्वीन) और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का संचालन पहले से हो रहा है। अब जीडीए यहां बैंबू रेस्टोरेंट की परिकल्पना को साकार करने जा रहा है। इसके लिए जीडीए ने जो कार्य योजना बनाई है, उसके अनुसार बैंबू रेस्टोरेंट नया सवेरा पार्ट 2 से सटे ताल के हिस्से में बनाया जाएगा। इस हिस्से को टर्टल आइलैंड कहा जाता है और यहीं पर एक एकड़ में बैंबू रेस्टोरेंट बनना प्रस्तावित है। रेस्टोरेंट के लिए चिन्हित स्थल पर अभी मछली पकड़ने का ठेका संचालित होता है। पर्यटकों की सुविधा की दृष्टि से इसे सहारा एस्टेट की तरफ शिफ्ट करने की तैयारी है। इस तरह प्रस्तावित बैंबू रेस्टोरेंट, नया सवेरा पार्ट 2 से जुड़ा होगा और पर्यटकों का यहां पहुंचना सुविधाजनक होगा।
जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार रामगढ़ताल में बैंबू रेस्टोरेंट के संचालन में वेटलैंड संरक्षण और इसे लेकर रामसर सम्मेलन के प्रावधानों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। बैंबू रेस्टोरेंट शुरू करने को लेकर स्टेट वेटलैंड कमेटी से अनुमति मिल गई है। बैंबू रेस्टोरेंट को बनाने में कंक्रीट, स्टील आदि का प्रयोग प्रतिबंधित होगा। यहां ऐसी किसी गतिविधि की अनुमति नहीं होगी जिससे पर्यावरण को कोई खतरा हो। रेस्टोरेंट में ग्रे वाटर की रिसाइक्लिंग की भी व्यवस्था सुनिश्चित रहेगी।
पर्यटकों को नई सुविधा, जीडीए का बढ़ेगा राजस्व
रामगढ़ताल में बैंबू रेस्टोरेंट के खुलने पर पर्यटकों को विश्व स्तरीय नई सुविधा मिल जाएगी। साथ ही इसके संचालन से मिलने वाले किराए की रकम से जीडीए के राजस्व में भी वृद्धि होगी। रेस्टोरेंट के संचालन से मिलने वाले किराए और टैक्स से होने वाली आय को शहर के अन्य विकास कार्यों में लगाया जा सकेगा। बैंबू रेस्टोरेंट सैलानियों को शानदार प्राकृतिक वातावरण में ताल की खूबसूरती को निहारने और अनेकानेक व्यंजनों के लुत्फ का सुखद एहसास कराएगा।
क्या होता है बैंबू रेस्टोरेंट
बैंबू रेस्टोरेंट की पूरी संरचना बांस से बनाई जाती है। वाह्य ढांचा बनाने से लेकर आंतरिक साज सज्जा तक इसमें बांस का ही इस्तेमाल किया जाता है। बांस के अलावा यदि किसी अन्य सामग्री का प्रयोग हुआ भी तो उसका ईको फ्रेंडली होना अनिवार्य होता है। कई प्रकार के विशेष व्यंजन भी बांस के खोल के उपयोग से बनाए जाते हैं।
गोरखपुर के पर्यटन को मिलेगी नई ऊंचाई : अभिनव गोपाल
जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल बताते हैं कि रामगढ़ताल की सूरत, बीते कुछ वर्षों में मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में पूरी तरह बदल चुकी है। अनेक सुविधाओं के साथ अब यहां ईको फ्रेंडली बैंबू रेस्टोरेंट का जुड़ना गोरखपुर के पर्यटन को एक नई ऊंचाई देगा।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय