जी.डी. गोयनका हेल्थकेयर एकेडमी का शुभारंभ, स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में खुलेंगे नए अवसर

 


झांसी, 23 जून (हि.स.)। बुंदेलखंड क्षेत्र के युवाओं के लिए स्वास्थ्य एवं पैरामेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत करते हुए जी.डी. गोयनका हेल्थकेयर एकेडमी का भव्य शुभारंभ मंगलवार काे किया गया। एकेडमी का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक स्वास्थ्य शिक्षा, व्यावसायिक कौशल और रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, जिससे वे स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर करियर बना सकें।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मोहित मेहरा, चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर, जी.डी. गोयनका हेल्थकेयर ने कहा कि संस्थान युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास से जोड़कर उन्हें स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा। अकैडमी के संस्थापक एवं मैक्सकेयर सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. अभिषेक जैन ने कहा कि अब झांसी और बुंदेलखंड के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य शिक्षा और आधुनिक प्रशिक्षण के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

एकेडमी के निदेशक अभिनव जैन ने बताया कि संस्थान में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, ओटी टेक्नीशियन, रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग, आईसीयू एवं इमरजेंसी केयर, कार्डियक केयर, फिजियोथेरेपी, ऑप्टोमेट्री, हॉस्पिटल मैनेजमेंट और फ्लेबोटोमी जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में जी.डी. गोयनका हेल्थकेयर, दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारी अंकित बंगर और गुलजार सिंह ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, प्लेसमेंट सहायता और करियर संभावनाओं की जानकारी दी। अकैडमी में 10वीं, 12वीं एवं स्नातक विद्यार्थियों के लिए प्रवेश खुले हैं। विद्यार्थियों को 50,000 रुपये तक की स्कॉलरशिप, आसान फीस विकल्प, जीराे प्रतिशत ब्याज पर शिक्षा ऋण, आधुनिक लैब, अनुभवी फैकल्टी और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। समारोह में बड़ी संख्या में चिकित्सक, शिक्षाविद, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया