गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने तोड़ी गैंगस्टरों की कमर, साढे तीन वर्षों में 340 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति हुई जब्त
नोएडा, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में गैंगस्टर एक्ट के तहत बदमाशों की 340 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की। यह कार्रवाई संगठित अपराध, भूमाफिया, अवैध वसूली और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों पर की गई।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि एक दिसंबर 2022 से 31 मई 2026 तक कमिश्नरेट पुलिस ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की गई। आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 198 मुकदमे दर्ज किए गए। इन मामलों में 1037 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने केवल आपराधिक मामलों में कार्रवाई तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया भी तेज की। अपराधियों की 340 करोड़ 41 लाख 19 हजार 657 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। इनमें भूमि, भवन, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, वाहन और अन्य चल-अचल संपत्तियां शामिल हैं, जिन्हें अपराध के जरिए अर्जित किया गया था। उन्होंने बताया कि अपराधियों के लिए जेल जाना कई बार अस्थायी परेशानी साबित होती है, लेकिन जब उनकी अवैध संपत्ति जब्त होती है तो उनके पूरे आर्थिक तंत्र पर असर पड़ता है। इसी सोच के तहत कमिश्नरेट पुलिस अपराधियों की आर्थिक जड़ों पर प्रहार करने की नीति पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान विशेष रूप से उन अपराधियों के खिलाफ केंद्रित है, जो भूमि कब्जा, रंगदारी, धोखाधड़ी, अवैध वसूली और संगठित अपराध के जरिए आर्थिक साम्राज्य खड़ा करने का प्रयास करते हैं। संपत्ति जब्ती की कार्रवाई से ऐसे गिरोहों की आर्थिक शक्ति कमजोर हुई और अपराधियों में कानून का भय भी बढ़ा। अभियान आगे भी जारी रहेगा। उनका दावा है कि लगातार की जा रही कार्रवाई का असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है। आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है, जबकि अपराध जगत से जुड़े लोगों को स्पष्ट संदेश मिला है कि अवैध कमाई और अपराध के जरिए अर्जित संपत्ति को किसी भी कीमत पर सुरक्षित नहीं रखा जा सकता। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी संगठित अपराध, गिरोह, भूमाफिया और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि उद्देश्य केवल अपराधियों को जेल भेजना नहीं, बल्कि उनके अवैध आर्थिक साम्राज्य को ध्वस्त कर अपराध मुक्त और सुरक्षित समाज की स्थापना करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी