बांदा : गोवंश को बचाने के चक्कर में कचरे से भरा डंपर पलटा, चालक घायल

 


बांदा, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई बुजुर्ग गांव में गुरुवार सुबह गोवंश को बचाने के प्रयास में कचरे से भरा तेज रफ्तार डंपर ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही कि डंपर बस्ती के घरों तक नहीं पहुंचा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

शहर कोतवाली पुलिस ने बताया कि डंपर लखनऊ से कचरा भरकर रीवा-सतना स्थित सीमेंट फैक्टरी जा रहा था। सुबह करीब पांच बजे कृषि विश्वविद्यालय

चौकी क्षेत्र के मवई बुजुर्ग गांव की दलित बस्ती के पास अचानक सड़क पर गोवंश आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और डंपर पीडब्ल्यूडी की लगी रेलिंग को तोड़ते हुए बस्ती के पास पलट गया। हादसे में चालक अजब सिंह राघव को हल्की चोटें आई हैं।

डंपर पलटने के बाद सड़क पर कचरा फैल गया, जिससे लोगों के आने-जाने का रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है। कचरे से आसपास के मोहल्ले में तेज दुर्गंध फैल रही है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द कचरा हटवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मवई बुजुर्ग गांव में आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन चालक तेज गति से निकलते हैं। ग्रामीणों ने हादसों पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह