गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ...

 




- स्थानीय रामगंगा नदी, बृजघाट (गढ़मुक्तेश्वर), हरिद्वार (उत्तराखंड) जाकर किया गया विसर्जन

मुरादाबाद, 25 सितम्बर (हि.स.)। महानगर में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर ढाई सौ से अधिक स्थान पर श्री गणेश उत्सव का समापन हुआ। इस दाैरान गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ... के जयकारों के साथ गणेश भगवान की प्रतिमा का स्थानीय रामगंगा नदी, बृजघाट (गढ़मुक्तेश्वर), हरिद्वार (उत्तराखंड) में विसर्जन किया गया।

विसर्जन से पूर्व बैंड बाजों, ढोल नगाड़ों की थाप पर अबीर गुलाल उड़ाते हुए मनमोहक झांकियों के साथ शोभा यात्राएं निकाली गई। शोभायात्रा का मार्ग में पुष्प वर्षा से स्वागत अभिनंदन हुआ व गणेश भगवान की आरती उतारी गई। कटघर, रामगंगा विहार, दीनदयाल नगर, हिमगिरी कॉलोनी, चंद्रनगर, लाइनपार, कोठीवाल नगर, गांधीनगर, लाजपत नगर, डबल फाटक, जयंतीपुर, बुद्धि विहार, हरथला, आशियाना आदि मौहल्लों व कॉलोनियों में महोत्सवों के समापन पर शुक्रवार को गणपति बप्पा की प्रतिमा के विसर्जन से पूर्व हवन पूजन किया गया। भंडारे का आयोजन किया गया। इसके बाद झांकियों के साथ के लिए भव्य शोभायात्राएं निकाली गई। सजे वाहन पर विराजमान गणपति की प्रतिमा के साथ श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़े। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर और गणपति बप्पा के जयकारे लगाकर माहौल भक्तिमय कर दिया। पीले परिधानों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। रास्ते में लोगों ने गणपति की आरती कर दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। शोभायात्रा के दौरान ढोल की थाप पर श्रद्धालु जमकर थिरके। रामगंगा में विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष गणपति बप्पा के फिर से आगमन की कामना की।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल