गंगा का जलस्तर 4 सेंटीमीटर घटा, बैराज पर भी कम हुआ डिस्चार्ज
कानपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। गंगा के जलस्तर में शुक्रवार को भी गिरावट दर्ज की गई। कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम दोनों तरफ जलस्तर गुरुवार के मुकाबले चार-चार सेंटीमीटर कम हुआ। अपस्ट्रीम में जलस्तर 113.740 मीटर से घटकर 113.700 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 113.490 मीटर से घटकर 113.450 मीटर रह गया। बैराज से निकलने वाले पानी में भी 4,224 क्यूसेक की कमी दर्ज की गई।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा के जलस्तर में हो रहे बदलाव पर लगातार नजर रखी जा रही है। बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने तथा संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बैराज से गुरुवार को 3,09,365 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज था, जो आज को घटकर 3,05,141 क्यूसेक रह गया। बैराज पर चेतावनी स्तर 114.000 मीटर और खतरे का स्तर 115.000 मीटर है।
शुक्लागंज में जलस्तर चार सेंटीमीटर बढ़कर 112.290 मीटर दर्ज हुआ। गुरुवार को यहां जलस्तर 112.250 मीटर था। शुक्लागंज में चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का स्तर 114 मीटर है।
हरिद्वार बैराज से आज को 1,03,520 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 83,835 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। गुरुवार को हरिद्वार से 1,00,375 क्यूसेक और नरौरा से 77,819 क्यूसेक डिस्चार्ज था।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप