कानपुर : गंगा के जलस्तर में 15 सेमी की गिरावट, डिस्चार्ज भी घटा
कानपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में बैराज पर गंगा नदी के जलस्तर में शनिवार की तुलना में रविवार को 15 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई। डाउनस्ट्रीम का जलस्तर भी 18 सेंटीमीटर घटा है। बैराज से पानी का डिस्चार्ज भी 16,785 क्यूसेक कम हुआ है।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जलस्तर और डिस्चार्ज में कमी राहत की बात है, लेकिन प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
फ्लड(बाढ़)कंट्रोल ऑफिस के अनुसार, कानपुर बैराज का अपस्ट्रीम जलस्तर 114.150 मीटर दर्ज हुआ, जबकि शनिवार को यह 114.300 मीटर था। इस तरह एक दिन में 15 सेंटीमीटर की कमी आई है। डाउनस्ट्रीम जलस्तर शनिवार के 114.070 मीटर से घटकर 113.890 मीटर हो गया। यानी इसमें 18 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई है।
बैराज से 3,53,607 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। शनिवार को यह मात्रा 3,70,392 क्यूसेक थी। इस तरह डिस्चार्ज में 16,785 क्यूसेक की कमी आई है। कानपुर बैराज का चेतावनी स्तर 114 मीटर और खतरे का स्तर 115 मीटर निर्धारित है। खतरे के स्तर पर डिस्चार्ज 5,44,373 क्यूसेक माना गया है।
शुक्लागंज में भी गंगा के जलस्तर में कमी दर्ज की गई। यहां जलस्तर 112.680 मीटर रहा, जबकि शनिवार को 112.790 मीटर था। यहां 11 सेंटीमीटर की गिरावट हुई। शुक्लागंज का चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का स्तर 114 मीटर है।
हरिद्वार बैराज से 70,299 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि शनिवार को यह 67,871 क्यूसेक था। वहीं नरौरा बैराज से 71,051 क्यूसेक डिस्चार्ज दर्ज किया गया, जो शनिवार के 77,819 क्यूसेक से 6,768 क्यूसेक कम है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जलस्तर में गिरावट के बावजूद प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बाढ़ प्रभावित और संभावित क्षेत्रों में निगरानी जारी है। अधिकारियों को जलस्तर और डिस्चार्ज की स्थिति पर नजर रखने के साथ किसी भी परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप