फर्रुखाबाद : गंगा नदी का जल स्तर खतरे के निशान के पास पहुंचा, कई गांवों में पानी घुसने पर 17 नाव और एक मोटर बोट तैनात
फर्रुखाबाद, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रविवार शाम 4 बजे लोहिया सेतु (पांचाल घाट) पर गंगा नदी का जलस्तर 136.90 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर और यह निर्धारित खतरे के निशान 137.10 मीटर के बेहद नजदीक है। वहीं, रामगंगा नदी के ब्रह्मदत्त द्विवेदी सेतु पर जलस्तर खतरे के निशान से नीचे दर्ज किया गया है।
विभाग के अनुसार, नरौरा बैराज से गंगा नदी में 1,72,721 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके अलावा खो बैराज से 920 क्यूसेक, हरेली बैराज से 140 क्यूसेक तथा रामनगर बैराज से 500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। नरौरा से छोड़े गए पानी को हटा कर बात करें तो केवल उक्त तीन जगहों से छोड़े गए पानी के चलते कुल रामगंगा नदी में कुल 1,560 क्यूसेक पानी का प्रवाह हो रहा है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। निचले इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। खतरे के निशान के समीप पहुंची गंगा का पानी खेतो में घुसने लगा है।
अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार का कहना है कि गंगा नदी में आए दिन जल स्तर बढ़ रहा है। इसको देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। बढ़ते जल स्तर के चलते निचले इलाकों के करीब एक दर्जन गांवों में पानी घुस गया है, जिनमें 17 नाव और एक मोटर बोट तैनात कर टीम को निगरानी के लिए लगा दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar