बारिश के बीच गणपति बप्पा की विदाई, डेढ़ सौ से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन

 




बांदा, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में रुक-रुककर हो रही झमाझम बारिश के बीच गुरुवार को गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। शहर के विभिन्न इलाकों से गणपति प्रतिमाएं गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के साथ केन नदी के विसर्जन स्थल पहुंचीं। रास्तेभर श्रद्धालु नाचते-गाते और ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाते नजर आए।

इस बार गणेश उत्सव के दौरान 39 बड़ी प्रतिमाओं समेत बड़ी संख्या में प्रतिमाओं का पंजीकरण कराया गया था। गुरुवार रात करीब 10 बजे तक डेढ़ सौ से ज्यादा गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा चुका था। इसके बाद भी अलग-अलग मोहल्लों और क्षेत्रों से प्रतिमाओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। देर रात तक विसर्जन चलता रहा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए विसर्जन स्थल पर विशेष व्यवस्था की गई है। नदी में अलग से छोटा तालाब बनाया गया है, जहां प्रतिमाओं का सुरक्षित तरीके से विसर्जन कराया जा रहा है। बड़ी प्रतिमाओं को नाव के माध्यम से नदी के बीच निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद प्रतिमाओं को विसर्जित किया जा रहा है। इस व्यवस्था के जरिए श्रद्धालुओं को नदी के गहरे पानी में जाने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

विसर्जन को लेकर पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था में पांच थानों की पुलिस फोर्स, दो सीओ और पांच इंस्पेक्टर लगाए गए हैं। घाट और उसके आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही भीड़ की निगरानी की जा रही है। पुलिसकर्मी विसर्जन जुलूसों को व्यवस्थित तरीके से निर्धारित स्थल तक पहुंचाने में जुटे रहे।

विसर्जन जुलूस में युवाओं के साथ महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे की धुन पर युवा नाचते हुए गणपति प्रतिमाओं को लेकर घाट पहुंचे। लगातार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

प्रशासन की निगरानी में प्रतिमाओं को निर्धारित स्थान पर ही विसर्जित कराया गया। घाट क्षेत्र में देर रात तक गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालु नम आंखों के साथ अपने आराध्य को विदाई देते नजर आए। इस सबंध में गणेश विसर्जन समिति के संयोजक अमित सेठ ने बताया कि विसर्जन देर रात तक चलने की संभावना है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह