अयाना क्षेत्र में दो स्थानों पर जुआ खेलते आठ लोग गिरफ्तार, नगदी व ताश के पत्ते बरामद

 


औरैया, 06 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अयाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, ताश के पत्ते, टॉर्च व अन्य सामान भी बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार अयाना थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पीवीआरपी एकेडमी के पास बंजारन डेरा के आगे विकास कुशवाहा की प्लाटिंग में बने कच्चे मकान के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अभिषेक पुत्र नरेंद्र शुक्ला निवासी मरदंगज थाना अजीतमल, रूप सिंह पुत्र इन्द्रनारायण निवासी मनसुखपुर थाना अयाना, विपिन पुत्र रामनरेश निवासी मिश्रपुर प्रताप सिंह थाना अयाना तथा चंद्रशेखर पुत्र गंगालाल निवासी नगला चिन्ताई थाना अयाना बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से 580 रुपये नगद बरामद हुए, जबकि मौके से बिछे फड़ से 2000 रुपये मालफड़, 52 ताश के पत्ते, एक पीली प्लास्टिक की बोरी और एक टॉर्च बरामद की गई।

इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवप्रसाद अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि सुगंधा गांव के पास कच्चे रास्ते के किनारे बगीचे में आम के पेड़ के नीचे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम सुभद्र सिंह (58) पुत्र शिवपाल सिंह निवासी धनाऊ पुर, सोनू (26) पुत्र तुलसीराम निवासी अयाना, इन्द्रपाल सिंह (35) पुत्र महावीर सिंह निवासी रहटौली तथा जितेंद्र सिंह (50) पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी अयाना बताए। तलाशी में उनके पास से 15,860 रुपये नगद, 52 ताश के पत्ते, एक पीली बोरी का तिरपाल और एक टॉर्च बरामद हुई। मौके से एक काले रंग की मोटरसाइकिल (यूपी 79 एफ 7552) भी मिली, जिसका चालक फरार हो गया। वाहन को कब्जे में लेकर थाने में दाखिल किया गया है।

थाना प्रभारी अयाना जयप्रकाश पाल ने बताया कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार