ग्रामीण विकास को गति देगा वीबी जी राम जी अधिनियम : धर्मपाल सिंह
लखनऊ, 13 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी विधेयक 2025 संसद में पारित हुआ। इस अधिनियम से ग्रामीण विकास को गति मिलेगी। देश की अर्थव्यस्था भी मजबूत होगी और श्रमिकों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। इस अधिनियम को हमें अभियान के रूप में लेकर हर गांव, गली, मजरे, टीले, चौपाल तक पहुंचना है। वह मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वीबी जी राम जी अधिनियम के संबंध में आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि पिछले नवम्बर से हम सभी एसआईआर के काम में लगे हुए हैं। हमें एसआईआर के साथ ही वीबी-जी राम जी जनजागरण अभियान मेें भी जुटना है। दोनों ही अभियान महत्वपूर्ण है। इसलिए प्लानिंग के साथ सभी कार्यकर्ताओं को काम और समय का सदुपयोग करने की नीति पर काम करना हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा और वीबी-जी राम जी के बीच का अन्तर तथा वीबी-जी राम जी की उपयोगिता को श्रमिकों और किसानों के बीच पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सदैव लोककल्याणकारी कार्यों में अड़ंगा लगाने का काम किया है। हमें विपक्ष के हर भ्रम और झूठ को तथ्यों के आधार पर जनता के बीच उजागर करना है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश की कार्यशाला के पश्चात वीबी-जी राम जी की जिला कार्यशालाओं में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जिला सम्मेलन आयोजित करेगी और सम्मेलनों के माध्यम से वीबी-जी राम जी पर श्रमिकों, गामीणों, ग्राम प्रधानोें, बीडीसी सदस्यों तथा किसानों के साथ संवाद करेगी। जिला सम्मेलनों में सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधि तथा अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी सम्मिलित रहेगें।
उन्होंने कहा कि भाजपा मंडल स्तर पर भी सम्मेलन आयोजित करेगी। इसके साथ ही श्रमिक चौपालों तथा किसान संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। हर गांव में चौपालों के माध्यम से किसान, कृषि श्रमिक तथा श्रमिकों से सीधे संवाद करते हुए वीबी-जी राम जी से होने वाले लाभ पर चर्चा की जाएगी। घर-घर संपर्क के माध्यम से भी मनरेगा तथा वीबी-जी राम जी के बीच के अन्तर पर चर्चा की जाएगी। किसान पद यात्रा, ट्रेक्टर रैली, बैलगाड़ी रैली जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी जनसंवाद किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन