संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका अदा करें छात्राएं : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। छात्राओं को संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। छात्रा संसद के पदाधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें तथा हमेशा शिक्षकों का सम्मान करते हुए अपने कार्यों पर अभिमान करने से बचें। यह बातें मंगलवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कही।
मेस्टन रोड स्थित बीएनएसडी शिक्षा निकेतन बालिका विद्यालय में छात्रा मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने नवनिर्वाचित न्यायाधीश समृद्धि मिश्रा, प्रधानमंत्री वेदिका मिश्रा समेत छात्रा संसद के सभी मनोनीत सांसदों को पद एवं दायित्वों के प्रति निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की शपथ दिलाई। इसके साथ ही उन्हें दायित्व बैज प्रदान किए गए।
उन्होंने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में छात्रा संसद की महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा ग्रहण कर देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह ने कहा कि ऐसे व्यक्तित्वों का मार्गदर्शन सभी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने उत्तरदायित्व और कर्तव्य का ईमानदारी से पालन करते हुए उस पर खरा उतरने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के अध्यक्ष रमाकांत मिश्र ने कहा कि मनुष्य जीवन में तभी आगे बढ़ता है, जब वह अपने कार्य और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्पित होता है। जीवन में सफलता के लिए दृढ़ निश्चय के साथ विनम्रता और सहनशीलता भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से गुरुजनों का श्रद्धा और सम्मान के साथ आदर करने का आह्वान किया और कहा कि शिक्षक ज्ञान के अक्षय भंडार होते हैं।
प्रधानाचार्या मंजू शुक्ला ने मुख्य अतिथि और मंचासीन अतिथियों का स्वागत, परिचय एवं स्मृति चिह्न भेंट किया। संचालन आस्था द्विवेदी ने किया। वेदिका मिश्रा ने ज्ञापन प्रस्तुत किया। विधि साहू के शपथ गीत ने सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में श्याम अरोड़ा, कमल किशोर गुप्त, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक मौजूद रहे। अंत में प्रधानाचार्या मंजू शुक्ला ने अतिथियों का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप