कानून व्यवस्था से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक हर मोर्चे पर हुआ है बड़ा बदलाव : राकेश सचान

 


कानपुर, 18 मार्च (हि.स.)। कानून व्यवस्था से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और जनकल्याणकारी योजनाओं तक, उत्तर प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में व्यापक और ठोस बदलाव का दौर देखा है। आज प्रदेश में विकास और सुशासन का मॉडल जमीन पर दिखाई दे रहा है, जिससे आम जनता के जीवन स्तर में सीधा सुधार हुआ है और प्रदेश नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। यह बातें बुधवार को सरसैया घाट स्थित निर्वाचन कार्यालय परिसर में ‘नवनिर्माण के नौ वर्ष’ थीम पर आयोजित प्रदर्शनी के शुभारंभ के दाैरान उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहीं।

प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सरोज कुरील और जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल में बीते वर्षों में हुए विकास कार्यों और योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग समेत शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, पीएम स्वनिधि, आवास, सूर्यघर योजना और ओडीओपी जैसे विभागों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी।

प्रेसवार्ता में मंत्री ने प्रदेश स्तर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2016 के लगभग 3.99 लाख करोड़ रुपये के बजट को बढ़ाकर 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक किया गया है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है। एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण सड़कों के जाल से कनेक्टिविटी मजबूत हुई है, वहीं एयर कनेक्टिविटी में तेजी आई है और जेवर एयरपोर्ट शीघ्र शुरू होने वाला है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और औद्योगिक केंद्रों के विकास से निवेश को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था में सुधार करते हुए 24, 22 और 18 घंटे की निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में कायाकल्प योजना और ‘स्कूल चलो अभियान’ से सुधार हुआ है, वहीं सीसीटीवी आधारित नकलविहीन परीक्षाएं कराई जा रही हैं। “हर घर जल योजना” के तहत अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है। रोजगार के क्षेत्र में 09 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं और स्वरोजगार योजनाओं को भी बढ़ावा मिला है।

कानपुर की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 1503.89 करोड़ रुपये की लागत से 252 परियोजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं। कानपुर मेट्रो के तहत आईआईटी से सेंट्रल तक संचालन शुरू हो चुका है। घाटमपुर तापीय परियोजना और पनकी विस्तार, किदवई नगर–गोविंद नगर 220 केवी उपकेंद्र, रिंग रोड और एसटीपी अपग्रेडेशन जैसे कार्य तेजी से पूरे हुए हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 25,335 सोलर संयंत्रों से 76 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है।

उन्होंने बताया कि गोविंद नगर का आधुनिक पराग डेयरी प्लांट प्रतिदिन चार लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की क्षमता के साथ शुरू होने जा रहा है। डिफेंस कॉरिडोर, स्पोर्ट्स हब, ग्रीन पार्क की नई गैलरी और चुन्नीगंज कन्वेंशन सेंटर जैसी परियोजनाएं शहर की नई पहचान बन रही हैं, जबकि नून नदी पुनरुद्धार जैसे कार्य पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। विभागीय लघु फिल्म के माध्यम से विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया और अधिकारियों ने आमजन से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप