सिग्नल न मिलने से 35 मिनट तक क्रॉसिंग पर खड़ी रही मालगाड़ी, लगा लंबा जाम

 


औरैया, 31 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) ट्रैक पर शुक्रवार को कानपुर की ओर जा रही एक मालगाड़ी को सिग्नल नहीं मिलने के कारण न्यू कंचौसी रेलवे स्टेशन पर करीब 35 मिनट तक रोकना पड़ा। इस दौरान रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने से औरैया-रसूलाबाद मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे मालगाड़ी रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंची ही थी कि आगे ट्रैक पर क्लियरेंस नहीं मिलने के कारण उसे स्टेशन पर रोक दिया गया। क्रॉसिंग बंद होने से कुछ ही देर में दोनों ओर ट्रक, बस, कार, बाइक और अन्य वाहनों की लंबी लाइन लग गई। तेज धूप में फंसे लोगों को छांव तलाशनी पड़ी और कई राहगीर काफी देर तक क्रॉसिंग खुलने का इंतजार करते रहे।

करीब 35 मिनट बाद सिग्नल मिलने पर मालगाड़ी कानपुर की ओर रवाना हुई, जिसके बाद रेलवे क्रॉसिंग खोली गई। हालांकि क्रॉसिंग खुलते ही दोनों ओर से एक साथ वाहनों के निकलने की होड़ मच गई, जिससे कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही। रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।

न्यू कंचौसी स्टेशन अधीक्षक किशन कुमार ने बताया कि आगे एक अन्य मालगाड़ी होने के कारण ट्रैक खाली नहीं था। इसी वजह से डीएफसी की मालगाड़ी को कुछ समय के लिए रोका गया था। ट्रैक क्लियर होते ही उसे आगे रवाना कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार