स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, राष्ट्र के प्रति कर्तव्य निभाने का संकल्प भी है : योगेंद्र नाथ भार्गव
कानपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं है, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प भी है। यह बातें शनिवार को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि योगेंद्र नाथ भार्गव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहीं।
बेनाझाबर स्थित बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि योगेंद्र नाथ भार्गव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
समारोह में विद्यार्थियों ने सामूहिक गीत, भाषण, काव्य-पाठ, देशभक्ति गीत और सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए। कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों ने सामूहिक गीत के माध्यम से देश की एकता का संदेश दिया। कक्षा 10 की छात्रा आराध्या सक्सेना ने मातृभाषा के महत्व पर भाषण दिया। विद्यार्थियों ने हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में भी भाषण प्रस्तुत किए।
प्राथमिक कक्षाओं की छात्राओं ने ‘जहां डाल-डाल पर...’ गीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर भारत की विविधता और प्राकृतिक समृद्धि को दर्शाया। कक्षा नौ के आद्यंत पांडेय ने संस्कृत में भाषण दिया। अन्य विद्यार्थियों ने काव्य-पाठ और देशभक्ति गीतों के माध्यम से समारोह में उत्साह भरा। कक्षा 12 के ऋत्विक गुप्ता ने युवाओं से देश के विकास और उन्नति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति से हुआ।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व से परिचित कराते हुए राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और श्रीमद्भगवद्गीता को भारतीयों के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधक आदित्य शंकर वाजपेयी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया और उन्हें राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। समारोह के अंत में भारत माता की आरती की गई और विद्यार्थियों में मिठाई वितरित की गई।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य शरद कृष्ण पांडेय, आरएसएस विभाग प्रचारक बैरिस्टर, एबीवीपी के मनीष राय, परमानंद शुक्ल, प्रधानाचार्य बृजमोहन कुमार सिंह, उपप्रधानाचार्या मंजूबाला श्रीवास्तव, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और अन्य लोग मौजूद रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप