स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को सम्मान और अधिकार मिलें : सत्येन्द्र कुमार सिन्हा

 


कानपुर, 26 जून (हि.स.)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों के सम्मान, सुविधाओं तथा लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए। देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सेनानियों के परिवारों को उनका उचित अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। यह बातें शुक्रवार को अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संयुक्त संगठन, कानपुर इकाई के अध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार सिन्हा ने कहीं।

अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संयुक्त संगठन, कानपुर इकाई ने अपने स्थापना दिवस के अवसर पर गोल चौराहा स्थित चंद्रशेखर आज़ाद प्रतिमा स्थल पर गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम महान साहित्यकार एवं राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। गोष्ठी में वक्ताओं ने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के साहित्यिक योगदान और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके विचारों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर संगठन की ओर से सरकार का ध्यान स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों की समस्याओं और लंबित मांगों की ओर आकर्षित करने के लिए ज्ञापन भी सौंपा गया। अध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का जल्द निस्तारण किया जाए तथा परिवारों को सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनके योगदान का उचित सम्मान सुनिश्चित हो सके। गोष्ठी के समापन पर उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान वितरित किया गया।

इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के साथ डॉ. अखंड प्रकाश, मोहम्मद रियाज, विवेक कुमार वर्मा, डॉ. अरुण शर्मा, शाकिर अली उस्मानी, अजय शुक्ला, सुशीला निगम, मीना सिंह, संजय कुमार, पदम कांत, राकेश बाजपेयी सहित संगठन के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप