फर्रुखाबाद: स्वतंत्रता दिवस पर सेनानी की पत्नी को मंत्री ने किया सम्मानित
फर्रुखाबाद, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत के मुख्य आतिथ्य एवं जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में 80वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य, गरिमा एवं सम्मान के साथ मनाया गया।
सर्वप्रथम जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रातः 07.30 बजे जेएनबी रोड स्थित भारतरत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। इसके उपरांत प्रातः 8:00 बजे राज्य मंत्री, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग कैलाश सिंह राजपूत, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं स्कूली शिक्षक/शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं द्वारा भारत सरकार के निर्देशानुसार ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रगीत (वंदे मातरम) का उच्चारण किया गया। इसके पश्चात पूर्ण गरिमा एवं सम्मान के साथ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान (जन गण मन) का वाचन किया गया। इसके उपरांत उपस्थित अतिथियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति पर माल्यार्पण तथा कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
वृक्षारोपण के उपरांत मुख्य अतिथि मंत्री, जनप्रतिनिधिगणों, जिलाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं अन्य महानुभावों की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा जनपद से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामचंद्र वर्मा की धर्मपत्नी उर्मिला वर्मा का माल्यार्पण कर सम्मान स्वरूप शॉल भेंट किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मंत्रीकैलाश सिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि आज हम सभी 80वें स्वतंत्रता दिवस को बड़ी ही धूमधाम से मना रहे हैं। देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में संपूर्ण भारत में हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस जनपद में जिलाधिकारी की भूमिका अत्यधिक सक्रिय है, वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ करती हैं। देश के प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हम सभी निरंतर प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि हमें अपने कर्तव्यों एवं अधिकारों का बोध होने के साथ उनका अपने जीवन में पूर्ण क्रियान्वयन भी होना चाहिए, जिससे स्वतंत्रता सदैव कायम रह सके और यह देश निरंतर उन्नति के पथ पर आगे बढ़ सके।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि हमारे देश में महाभारत, रामायण एवं गीता के रचयिता सहित अनेक ऐसे महान संत हुए हैं जिन्होंने विश्व का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आजादी के इतिहास की रचना में भारत के प्रत्येक परिवार ने कोई न कोई योगदान अवश्य दिया है, इसका जीवंत उदाहरण आज इस कार्यक्रम में उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. रामचरण वर्मा की धर्मपत्नी उर्मिला वर्मा हैं। हमारे जनपद में महिला सशक्तिकरण के तहत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं नगर मजिस्ट्रेट के रूप में नारी शक्ति मौजूद हैं जो सत्य और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। हम सभी को एकजुट होकर देश की उन्नति के लिए कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने हमें आजादी के साथ कुछ जिम्मेदारियां भी प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ हम सभी को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक अनुपालन करना है। इस देश का जिम्मेदार नागरिक होने के कारण हम सभी का यह अहम कर्तव्य है कि हम अपने आसपास के वातावरण को साफ एवं स्वच्छ रखें, यातायात नियमों का पालन करें तथा जरूरतमंद व्यक्तियों की मदद करें। हम सभी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करके ही भारत को विकसित राष्ट्र बना सकते हैं। इसी प्रकार जनपद के विकास के लिए जिला प्रशासन एवं जनपदवासियों को एकजुटता के साथ कार्य करना होगा। हमारा यह विशेष प्रयास है कि फर्रुखाबाद में विकास हो, सड़कें बेहतर हो एवं शिक्षा का विकास हो, स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो, किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण मिले गरीब से गरीब व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अवसर पर जनपद कवि शिवओम अंबर, जिला आबकारी अधिकारी गुरु प्रसाद गुप्ता, भूपेंद्र सिंह तथा विद्यालय की छात्राओं द्वारा भारत की गौरव गाथा पर सुंदर प्रस्तुतियां प्रदान की गई, इसके उपरांत जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों को मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा केंद्रीय कारागार, जिला कारागार एवं महिला बंदी कारागार के चिकित्सालय में बंदियों से उनका कुशल क्षेम जाना गया तथा बंदियों को मिष्ठान एवं फल वितरण कर कारागार परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र सहित अन्य महानुभाव तथा जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar