रक्षाबंधन पर निःशुल्क यात्राएं कर सकेंगी महिलाएं

 


लखनऊ, 23 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को दिए गए निःशुल्क बस यात्रा के समय में वृद्धि की है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अब यह निःशुल्क यात्रा 27 अगस्त की सुबह 6 बजे 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक की जा सकेगी।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिला यात्री एक सहयोगी के साथ फ्री यात्रा कर सकेंगी। रक्षाबंधन पर बहनें सुरक्षित और आसानी से अपने घर पहुंच सकें, इसके लिए परिवहन, पुलिस, प्रशासन व संबंधित विभाग मिलकर सारी व्यवस्था सुनिश्चित करें। त्योहारों के मद्देनजर शहरों, एक्सप्रेस-वे, हाईवे व प्रमुख मार्गों पर पेट्रोलिंग तेज की जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रक्षाबंधन के मद्देनजर रविवार को परिवहन निगम/विभाग, नगर विकास, पुलिस, यातायात आदि विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन पर प्रदेश में सुगम, सुरक्षित, व्यवस्थित परिवहन एवं यातायात व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में माताओं, बहनों और बेटियों के आवागमन को देखते हुए परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और स्थानीय प्रशासन आपसी समन्वय से सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ले। रक्षाबंधन के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी यह व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों के भी सत्यापन सुनिश्चित करते हुए महिला यात्रियों की सुरक्षा के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन 28 अगस्त को है और 25 अगस्त की सुबह से 29 अगस्त की रात तक आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अवधि रहेगी। 26 अगस्त को अवकाश होने के कारण लंबी दूरी और अंतरजनपदीय यात्राओं में वृद्धि की संभावना है। प्रदेश सरकार द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं एवं एक सहयात्री के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है। इसके साथ अतिरिक्त बसों के संचालन की भी तैयारी की गई है।

मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए। मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे स्थलों पर विशेष व्यवस्था की जाए। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों तथा शहरों के प्रवेश और निकास मार्गों पर यातायात दबाव को देखते हुए पहले से कार्ययोजना तैयार रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान बस स्टेशनों पर सीसीटीवी, पेयजल, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रहे। वहीं उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओऱ से रक्षाबंधन पर फर्स्ट एड की अलग से व्यवस्था भी बस स्टेशनों पर की जाए।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन