विश्व गठिया दिवस पर हैलट अस्पताल में विशेष जांच शिविर में 150 गठिया मरीजों का हुआ उपचार

 


कानपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। घुटनों और कंधों में दर्द व गठिया की समस्या से परेशान मरीजों को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग में कम खर्च पर इलाज की सुविधा मिल रही है। आयुष्मान भारत, पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सा योजना सहित अन्य पात्र सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का उपचार निशुल्क किया जा सकता है। सोमवार को विश्व गठिया दिवस पर लाला लाजपत राय अस्पताल के अस्थि रोग विभाग में विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें करीब 150 मरीजों की जांच कर उन्हें उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। यह जानकारी प्रधानाचार्य डा. संजय काला ने दी।

विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार और उनकी टीम ने गठिया से पीड़ित मरीजों की जांच की। इनमें घुटनों और कंधों की गठिया से परेशान मरीज भी शामिल रहे। जांच के बाद मरीजों की बीमारी के अनुसार उपचार और निदान किया गया। जिन मरीजों का तत्काल उपचार संभव था, उन्हें जरूरी चिकित्सकीय सलाह दी गई। वहीं, जिन मरीजों को शल्य चिकित्सा की जरूरत है, उन्हें आवश्यक जांच कराने और आगे अस्थि रोग विभाग की ओपीडी में उपचार के लिए आने की सलाह दी गई।

डॉ. संजय कुमार ने बताया कि गठिया से पीड़ित मरीज जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग की ओपीडी में आकर उपचार करा सकते हैं। यहां कम खर्च में विभिन्न प्रकार की गठिया का इलाज उपलब्ध है। सरकारी योजनाओं के लिए पात्र मरीजों को नियमानुसार निशुल्क उपचार की सुविधा भी मिल सकती है।

उन्होंने बताया कि मरीज सप्ताह के प्रत्येक दिन अस्थि रोग विभाग के ओपीडी कक्ष संख्या 20 और 22 में दिखा सकते हैं। समय पर जांच और उचित उपचार से मरीजों को बीमारी के प्रबंधन में मदद मिल सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप