जन भवन में बालिकाओं को लगा नि:शुल्क एचपीवी वैक्सीन

 


लखनऊ, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से जन भवन लखनऊ में निःशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ के सहयोग से संपन्न हुआ।

वैक्सीनेशन कैंप में आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जन भवन में अध्ययनरत छात्राओं, शिक्षिक-शिक्षिकाओं की पुत्रियों तथा बालिका गृह (सिंधी खेड़ा) लखनऊ की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। इस अवसर पर कुल 96 बालिकाओं को यह वैक्सीन प्रदान की गई।

एचपीवी वैक्सीन बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करती है, जो आगे चलकर गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर का प्रमुख कारण बन सकता है। इस दृष्टि से यह टीकाकरण बालिकाओं को गंभीर रोगों से बचाने तथा उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

राज्यपाल के “रोकथाम उपचार से बेहतर है” के मूल विचार और बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप इस प्रकार के निःशुल्क टीकाकरण अभियानों को बढ़ावा मिल रहा है। उनका मानना है कि समय रहते जागरूकता एवं टीकाकरण के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है, और इसी सोच को साकार करने के लिए यह अभियान संचालित किया जा रहा है। कैंप के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा उपस्थित बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन के महत्व एवं उससे होने वाले लाभों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय