निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में मरीजाें की हुई जांच व इलाज, 23 काे हाेगा ऑपरेशन

 


कानपुर, 22 फरवरी (हि.स.)। निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का उद्देश्य जरूरतमंदों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी आंखों की रोशनी से वंचित न रहे, यह बातें रविवार को श्री अग्रवाल सभा संस्था के कोषाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल ने कही।

मेस्टन रोड स्थित अग्रसेन भवन में रविवार को श्री अग्रवाल सभा (पंजीकृत) की ओर से निःशुल्क नेत्र चिकित्सा परीक्षण एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन विशाल अग्रवाल (जे.जे. साड़ीज) ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर नेत्र परीक्षण कराया।

आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि श्री अग्रवाल सभा अब तक 983 मोतियाबिंद मरीजों की सफल शल्य चिकित्सा करा चुकी है। यह कार्य डॉ. अवध दुबे के कुशल नेतृत्व में संभव हो पाया है। सभा समय-समय पर जरूरतमंद और असहाय बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और विवाह के लिए भी सहयोग करती रही है।

शिविर में डॉ. अवध दुबे, डॉ. गौरव दुबे, डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, डॉ. तनमीत कौर और सहयोगी टीम द्वारा ओपीडी जांच की गई। जांच के बाद पात्र मरीजों का चयन ऑपरेशन के लिए किया गया। चयनित मरीजों के ऑपरेशन 23 फरवरी को स्वरूप नगर स्थित आर.के. देवी आई रिसर्च इंस्टीट्यूट में अत्याधुनिक तकनीक से किए जाएंगे।

सभा अध्यक्ष कमल किशोर अग्रवाल ने बताया कि सभी वर्गों और समुदायों के लिए समान रूप से चिकित्सा, ऑपरेशन, दवाइयां, चश्मा, भोजन और रहने की व्यवस्था निःशुल्क की जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप