आर्य समाज में खुला नि:शुल्क धर्मार्थ चिकित्सालय

 


मुरादाबाद, 20 सितम्बर (हि.स.)। आर्य समाज स्टेशन रोड मुरादाबाद पर साप्ताहिक यज्ञ व सत्संग का आयोजन किया गया जिसमें पंडित वीरेंद्र आर्य ने डा. राम मुनि की यज्ञमानी में वैदिक रीति से यज्ञ संपन्न कराया तत्पश्चात शिवम् आर्य और गोविंदराम ने ईश्वरीय भक्ति भजन प्रस्तुत किए।

डा. राम मुनि ने महर्षि दयानंद सरस्वती के अमर ग्रंथ सत्यार्थ प्रकाश का पाठ किया और सूर्य प्रकाश द्विवेदी तथा कपिल मुनि ने वेद मंत्रों की व्याख्या की। सत्संग उपरांत आर्य धर्मार्थ चिकित्सालय मे सेवा देने वाली दोनों दोनों महिला चिकित्सकों का संतोष दीक्षित शास्त्री द्वारा स्वागत किया गया।

खुशबू आर्य ने दोनों चिकित्सकों डा. दीपांशी सिंघल और दीपांशी गुप्ता का तिलक लगाकर व पट्टिका पहनाकर सम्मान किया। पंडित वीरेंद्र आर्य ने वेद मंत्रों का उच्चारण किया तत्पश्चात आर्य विद्वान कपिल मुनि, सूर्य प्रकाश द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित करके चिकित्सालय का विधिवत उद्घाटन किया।

आर्य समाज के मंत्री रमेश सिंह आर्य एडवोकेट ने बताया कि चिकित्सा सेवा होम्योपैथी पद्धति निशुल्क धर्मार्थ दी जायेगी। प्रतिदिन शाम 4-8तक चिकित्सालय खुलेगा और रविवार को अवकाश रहेगा।

इस अवसर पर अजब सिंह आर्य, अरबिंद आर्यबंधु मयंक आर्य , सतीश मदान, राजेश नारंग अमरनाथ आर्य यशपाल आर्य, आलोक कुमार,अभिनव सिद्धार्थ सिंहल, राकेश कुमार, रमाशंकर आर्य, प्रज्ञांषु आर्य, दिनेश दीक्षित अशोक कुमार अर्जुन आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल