रक्षाबंधन पर महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा : राकेश सचान

 


कानपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर बहनों को भाइयों के घर आने-जाने में परेशानी न हो, इसलिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी गई है। 60 वर्ष से अधिक आयु की माताओं-बहनों के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना की शुरुआत भी मातृशक्ति के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह बातें बुधवार को सीएसए में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहीं।

रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को दी जा रही निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा और ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ को लेकर आज सीएसए के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

रक्षाबंधन के दृष्टिगत प्रदेश सरकार की बसों में माताओं, बहनों और बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा 27 अगस्त को सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक मिलेगी।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के तहत प्रदेश में संचालित सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को ध्यान में रखकर सरकार लगातार फैसले ले रही है।

कार्यक्रम में महिलाओं ने मंत्री राकेश सचान की कलाई पर राखी बांधी। मंत्री ने उन्हें साड़ी और मिठाई भेंट की। कार्यक्रम में शामिल करीब 1100 महिलाओं को भी साड़ी और मिठाई दी गई। महिलाओं ने निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा और उपहार मिलने पर सरकार का आभार जताया।

कार्यक्रम में विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक स्वप्निल वरुण, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप