एसडीएम ने व्यापारियों के साथ की बैठक, कायमगंज काे अलग पहचान बनाने की बनाई रणनीति
फर्रुखाबाद, 19 अक्टूूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कायमगंज तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और प्रबुद्ध जनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक साेमवार काे संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य कायमगंज को एक नई और विशिष्ट पहचान दिलाना तथा क्षेत्र के विकास के लिए एक भव्य कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करना रहा।
बैठक में एसडीएम अभिषेक वर्मा ने आगामी कार्यक्रम का एक बेहद आकर्षक प्रारूप (प्रोटोटाइप) प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र के उन युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की प्रतिभा को निखारा जाएगा, जो विभिन्न कलाओं और विधाओं के धनी हैं। इसके साथ ही, कायमगंज के ऐतिहासिक मंदिरों और सांस्कृतिक धरोहरों को भी इस कार्यक्रम में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा, जिससे न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिले, बल्कि विदेशी पर्यटक भी यहां आकर्षित हों। उपस्थित सभी लोगों ने एसडीएम की इस अनूठी योजना का करतल ध्वनि से स्वागत किया।
उप जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी व्यापारी भाइयों से बहुमूल्य सुझाव मांगे। बैठक में मौजूद विभिन्न व्यापार मंडलों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी रणनीतियां और विचार साझा किए। सभी व्यापारियों ने एसडीएम महोदय को पूर्ण विश्वास दिलाया कि इस गौरवमयी कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए पूरा व्यापार जगत हर संभव प्रयास करने को तत्पर रहेगा। हालांकि, कार्यक्रम की अंतिम तिथि अभी सुनिश्चित होना बाकी है।
इस महत्वपूर्ण विचार-विमर्श में मुख्य रूप से भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री व जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता, जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता, जिला अध्यक्ष सुबोध गुप्ता उर्फ मंसाराम गुप्ता, पवन गुप्ता, मनोज कौशल, अमित सेठ, दीपक राज अरोड़ा और मनोज गंगवार सहित तमाम व्यापारी नेता मौजूद रहे। प्रांतीय मंत्री आदेश अग्निहोत्री ने इस पहल पर गहरा हर्ष व्यक्त किया। इसके अलावा, सामाजिक कार्यों में सदैव अग्रणी रहने वाले सिल्की मिश्रा और उनकी पूरी टीम के साथ कई अन्य पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक भी तहसील सभागार में उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर