विधान परिषद चुनाव: मतदान कार्मिकों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान कराने के निर्देश

 


फर्रुखाबाद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद की जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार, फतेहगढ़ में विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया, उनके दायित्वों और मतदान संबंधी नियमों की जानकारी देते हुए निष्पक्षता एवं सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मतदान कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें और प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रियाओं का गंभीरता से पालन करें। किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल उसका समाधान कराएं, ताकि मतदान के दिन कोई भ्रम या त्रुटि न हो।

उन्होंने मतदाताओं की पहचान सत्यापित करने, मतपत्रों के रखरखाव एवं वितरण, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने तथा मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन सामग्री और अभिलेखों को नियमानुसार जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर सभी मतदाताओं और प्रत्याशियों के प्रति समान व्यवहार किया जाए तथा किसी भी प्रकार के पक्षपात या लापरवाही से बचा जाए।

प्रशिक्षण में मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, निर्वाचन संबंधी समस्याओं की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने और निर्धारित समयसीमा में सभी प्रक्रियाएं पूरी करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन की तैयारियां समय से पूरी करने तथा मतदान कार्मिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।विधान परिषद मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम ने मतदान कार्मिकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर