ईटों से भरे ट्रैक्टर ने चार वर्षीय बच्ची को कुचला, मौत
नोएडा, 29 नवंबर (हि.स.)। थाना जेवर क्षेत्र के दस्तमपुर गांव में रविवार शाम को हुए एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। ईंटों से लदे एक ट्रैक्टर के नीचे आने से मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं थाना सेक्टर 39 क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि दस्तमपुर गांव निवासी दानवीर की चार वर्षीय बेटी रविवार की शाम को गांव में ही सड़क किनारे खेल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ईंटों से भरे ट्रैक्टर के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दिया। इस घटना मे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार में बच्ची की मौत से मातम पसरा हुआ है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर-44 कट के पास रविवार को एक कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। उसका इलाज जारी है और स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। उन्होने बताया कि इजहार खान सेक्टर-44 के छलेरा गांव स्थित पीजी में रहता था। वह सेक्टर-137 की पारस टियरा सोसाइटी में रहने वाले अकरम का भतीजा था। वह अपने दोस्त रिषभ के साथ स्कूटी पर सवार होकर जा रहा था। सेक्टर-44 कट के पास दिल्ली नंबर की होंडा सिटी कार ने उनकी स्कूटी मे टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर इजहार की मौत हो गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी