चार पहिया वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, एक घंटे चक्काजाम

 




जौनपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शिवापार गांव के पास मंगलवार शाम वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार पहिया वाहन की टक्कर से साइकिल सवार दिहाड़ी मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे पर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।

शिवापार गांव निवासी मिथुन कुमार (42) शाम करीब सात बजे दिहाड़ी मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहे थे। घर से करीब साै मीटर पहले वह घर की ओर मुड़ रहे थे, तभी वाराणसी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मिथुन साइकिल समेत करीब 70 मीटर दूर जा गिरे। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद वाहन में सवार तीन लोग मौके से भाग गए। वाहन की जांच के दौरान उसमें बीयर की बोतल मिलने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी, आर्थिक सहायता और परिवार के लिए पेंशन की मांग की। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वाहन में कितने लोग सवार थे और दुर्घटना कैसे हुई, इसकी विवेचना की जाएगी। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य संकलित करेगी। तथ्य और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव