एसएसपी ने चार दरोगा समेत 10 कर्मियों को निलंबित किया
जौनपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुंवर अनुपम सिंह ने रविवार काे सरायख्वाजा और लाइन बाजार थाना के चार दाराेगा समेत 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और अभ्यस्त व दुस्साहसी अभियुक्तों की निगरानी में चूक की वजह से हुई है।
एसएसपी की कार्रवाई में सरायख्वाजा थाना के उपनिरीक्षक गोविन्द मौर्या, उपनिरीक्षक खलीकुज्जमा, मुख्य आरक्षी मनोज गोंड, मुख्य आरक्षी शशि प्रकाश सिंह, मुख्य आरक्षी धनन्जय यादव और आरक्षी अक्षय कुमार शामिल हैं। वहीं, लाइन बाजार थाना के उपनिरीक्षक रामभरोसा राम, उपनिरीक्षक धन्जी चौधरी, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार सिंह और आरक्षी विश्वास यादव को भी निलंबित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, संबंधित पुलिसकर्मियों पर अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता तथा अभ्यस्त एवं दुस्साहसी अभियुक्तों की प्रभावी निगरानी में लापरवाही बरतने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अभ्यस्त और दुस्साहसी अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर चूक कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की निगरानी में लापरवाही हो या कर्तव्य निर्वहन में ढिलाई, किसी भी स्तर पर इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव