मुंबई हादसे में जाैनपुर के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, एक साथ उठीं अर्थियां
जौनपुर,14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में के जौनपुर जिले निवासी मुम्बई के घाटकोपर में बारिश के दौरान मकान पर पेड़ और पत्थर गिरने से जौनपुर के बदलापुर तहसील क्षेत्र के इनामीपुर गांव निवासी एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को चारों के शव पैतृक गांव पहुंचे तो पूरे गांव में मातम छा गया। एक साथ चार जनाजे उठे तो हर किसी की आंखें नम हो गईं।
इनामीपुर गांव निवासी मोहम्मद आरिफ (32) पुत्र मोहम्मद अलीम सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, आरिफ अपनी पत्नी मरजीना बानो (28), चार वर्षीय बेटी मन्नत और दो वर्षीय बेटे मोहम्मद अबान के साथ शनिवार को गांव से मुंबई गए थे। रविवार को मुंबई पहुंचने के बाद परिवार घाटकोपर स्थित किराए के मकान में रह रहा था।
परिजनों ने बताया कि मुंबई में लगातार हो रही बारिश के दौरान मकान के ऊपर पेड़ और पत्थर गिर गए। इससे मकान का एक हिस्सा ढह गया और मलबे में दबकर मोहम्मद आरिफ, उनकी पत्नी मरजीना बानो, बेटी मन्नत और बेटे मोहम्मद अबान की मौत हो गई।
हादसे के बाद मुंबई पुलिस की कार्रवाई पूरी होने पर शुक्रवार को चारों शव एंबुलेंस से गांव लाए गए। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता मोहम्मद अलीम का रो-रोकर बुरा हाल है। आरिफ तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दोनों छोटे भाई भी मुंबई में रहकर आजीविका चलाते हैं।
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। जब चारों के जनाजे एक साथ उठे तो गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। हर आंख नम थी और परिवार के इस दुखद हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव