नौबस्ता-हमीरपुर हाईवे फोरलेन को मिली मंजूरी, जाम से मिलेगी राहत : रमेश अवस्थी
--नौबस्ता-हमीरपुर हाईवे पर जाम की समस्या से जल्द राहत मिलेगी और यातायात सुगम होगा
कानपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर में लम्बे समय से जाम और खराब सड़क से जूझ रहे लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने नौबस्ता चौराहे से करीब पांच किलोमीटर तक फोरलेन सड़क निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की कुल लागत छह करोड़ उनचास लाख रुपये तय की गई है और निविदा प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। यह जानकारी शुक्रवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने दी।
कानपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद रमेश अवस्थी के प्रयासों से शहर की एक बड़ी यातायात समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नौबस्ता-हमीरपुर हाईवे, जो लम्बे समय से जाम और जर्जर सड़क के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था, अब जल्द ही फोरलेन में परिवर्तित किया जाएगा।
इस परियोजना के तहत नौबस्ता चौराहे से लगभग 5 किलोमीटर के दायरे में सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इससे बिनगवां, यशोदानगर, पशुपतिनगर, हंसपुरम, आवास विकास, किदवई नगर और बसंत विहार सहित कई क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इन इलाकों में रहने वाले लाखों नागरिक रोजाना जाम की समस्या से जूझते हैं, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है।
सांसद रमेश अवस्थी ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए 1 जनवरी 2025 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया था। उन्होंने पत्र में स्पष्ट किया था कि बढ़ती आबादी और ओवरलोडेड वाहनों के कारण यह मार्ग अत्यधिक दबाव में है और तत्काल सुधार की आवश्यकता है।
केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए परियोजना को मंजूरी दी। परियोजना निदेशक, कानपुर इकाई के अनुसार, 6.49 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना की निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और 18 मार्च 2026 को टेंडर अवार्ड भी किया जा चुका है।
अधिकारियों के मुताबिक, रियायत अनुबंध की औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस फोरलेन मार्ग के बनने से न केवल यातायात सुचारु होगा, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है, जिससे आमजन को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप