आंबेडकर प्रतिमा विवाद पर चार घंटे चली वार्ता, दो माह में लाइब्रेरी व प्रतिमा स्थापना का आश्वासन

 


एसडीएम कार्यालय में लिखित आश्वासन के बाद महिलाएं मानीं

हमीरपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के औड़ेरा गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर बने तनाव के बीच गुरुवार को तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय में करीब चार घंटे तक वार्ता चली। अंततः प्रशासन द्वारा दो माह के भीतर लाइब्रेरी निर्माण और प्रतिमा स्थापना का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।

बताया गया कि चार दिन पूर्व गांव में बिना अनुमति के दलित महिलाओं द्वारा रातों-रात आंबेडकर प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी। सुबह जानकारी होने पर गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसके चलते पुलिस बल तैनात किया गया। प्रतिमा हटाए जाने की आशंका में महिलाएं लगातार चार दिन तक धरने पर बैठी रहीं। गुरुवार को सैकड़ों महिलाएं तहसील पहुंचीं, जहां एसडीएम अभिमन्यु कुमार और सीओ राजीव प्रताप सिंह ने वार्ता की।

अधिकारियों ने दो माह के भीतर गांव में लाइब्रेरी खोलने और बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन दिया। महिलाओं की मांग पर एसडीएम ने स्टांप पेपर पर लिखित आश्वासन भी दिया, जिसके बाद ग्रामीण महिलाएं सहमत हो गईं। गांव की लली देवी ने बताया कि यदि तय समय में कार्य नहीं हुआ तो वे दोबारा प्रतिमा स्थापित करेंगी। इस दौरान पूर्व विधायक धूराम चौधरी , समाजवादी पार्टी अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी ,करन राजपूत ,पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामसहोदर राजपूत ,सपा नेता दानिश खान ,पूर्व प्रधान रूप सिंह,एडवोकेट जय सिंह राजपूत,शरद चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा