बांदा : अलग-अलग सड़क हादसे में बालक समेत चार की मौत

 


बांदा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में आठ साल के बच्चे समेत चार लाेगाें की माैत हाे गई है।

पहली घटना अतर्रा थाना क्षेत्र के अनथुवा गांव निवासी अनुरुद्ध ने बताया कि उनकी 55 वर्षीय पत्नी शकुंतला गुरुवार दोपहर अपने पौत्र योगेंद्र के साथ अरमार गांव में शुद्धता कार्यक्रम में जाने की तैयारी कर रही थीं। बाइक पर बैठते समय अचानक चक्कर आने से वह नीचे गिर पड़ीं। सिर में गंभीर चोट लगने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा ले गए। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घर पहुंचने के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे एक बेटा और तीन बेटियां छोड़ गई हैं।

बिसंडा थाना क्षेत्र के कैरी गांव निवासी दुर्गा के मुताबिक, 50 वर्षीय रामनरेश गुरुवार रात अपने 40 वर्षीय साथी सिद्धू के साथ बाइक से बिसंडा जा रहे थे। गैस एजेंसी के पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिसंडा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामनरेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। रामनरेश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी बेसनिया, दो बेटियां और एक बेटा है।

चिल्ला थाना क्षेत्र के गुगौली गांव निवासी अकरम ने बताया कि उनका 32 वर्षीय पुत्र फखरुद्दीन गुरुवार रात बाइक से बांदा जा रहा था। देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर बाईपास के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में फखरुद्दीन की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली। युवक के पास मिले मोबाइल नंबर के जरिए परिजनों को सूचना दी गई। फखरुद्दीन ड्राइवरी करता था और बांदा में एक दोस्त के यहां रहता था। वह पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी नहीं हुई थी।

नरैनी कोतवाली क्षेत्र के परसहा गांव निवासी रामबाबू अपनी पत्नी सीमा और बच्चों के साथ तिंदवारी थाना क्षेत्र के तेरही माफी में किराये के मकान में रहते हैं। रामबाबू ने बताया कि उनका आठ वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र उर्फ अंशु गुरुवार को पैदल मुंगुस गांव स्थित अपनी नानी भगवानिया के घर जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास तिंदवारी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बालक के सिर में गंभीर चोटें आईं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे हैलट अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक दो भाइयों में छोटा था। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया।

इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि चारों मृतकों के शवों शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह