हनुमान जन्मोत्सव के दिन खुलेंगे भोलेपुर हनुमान मंदिर के गर्भगृह के कपाट

 


फर्रुखाबाद, 30 मार्च (हि.स.) । फतेहगढ़ स्थित भोलेपुर हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस दौरान मंदिर के गर्भ गृह के कपाट रविवार से बंद कर दिए गए है। ये कपाट अब दो अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर ही भक्तों के लिए खोले जाएंगे।

मंदिर के महंत गोपालदास ने सोमवार को बताया कि मंदिर में रंगाई-पुताई का कार्य जारी है। हनुमान जी की प्रतिमा का रंग-रोगन करने के लिए राजस्थान से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं। हनुमान जी को चोला चढ़ाने और विग्रह के रंग-रोगन का कार्य चार दिनों तक चलेगा, इसलिए श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि ये कपाट अब दो अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर ही भक्तों के लिए खोले जाएंगे। हनुमान जन्मोत्सव के दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। सुबह कपाट खुलने के बाद सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ होगा। हवन के साथ दिनभर भंडारे का चलेगा। पूरे जनपद से संत और श्रद्धालु इस उत्सव में शामिल होंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar