बागपत में चार सीओ के कार्यक्षेत्र बदले, सुकन्या शर्मा को खेकड़ा सीओ बनाया
बागपत, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एसपी पूर्णेंदु सिंह ने जिले में चार क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। पुलिस ने मीडिया सेल के जरिए यह जानकारी शुक्रवार को दी है।
फेरबदल के तहत रोहन चौरसिया को खेकड़ा से हटाकर बागपत सर्किल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सुकन्या शर्मा को बागपत से हटाकर खेकड़ा सर्किल भेजा गया है। रजनीश वर्मा को बड़ौत सर्किल का सीओ बनाया गया है। वहीं, बड़ौत की सीओ रहीं अंशु जैन को यातायात की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लंबे समय से बड़ौत और खेकड़ा में तैनात अधिकारियों को हटाकर दूसरी जगह जिम्मेदारी दी गई है। सीओ विजय कुमार तोमर का तबादला होने और रजनीश वर्मा के बागपत जिले में आने के बाद यह फेरबदल किया गया है।
एसपी पूर्णेंदु सिंह ने सभी अधिकारियों को नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। जिले में सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी