शिक्षा, स्वास्थ्य और छात्र सुविधाओं के विस्तार के लिए कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण : प्रो. विनय कुमार पाठक

 


कानपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। विश्वविद्यालय में शिक्षा, स्वास्थ्य और छात्र सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार आधारभूत ढांचा विकसित किया जा रहा है। नई परियोजनाओं के पूरा होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह बातें गुरुवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के 41वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय परिसर में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्य मंत्री रजनी तिवारी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

लोकार्पित परियोजनाओं में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग का नया भवन, शारीरिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आर्चरी लॉन और बॉक्सिंग रिंग शेड, स्वर्ण जयंती पुरुष छात्रावास, समाज कार्य विभाग के तृतीय तल का विस्तारीकरण तथा टाइप-1 आवासीय कॉलोनी के नवीनीकरण कार्य शामिल रहे।

इस अवसर पर कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई। इनमें अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर, पुनर्वास केंद्र, मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, 100 छात्राओं के लिए महिला छात्रावास और 100 छात्रों के लिए पुरुष छात्रावास का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन भवन, साइंस ब्लॉक के प्रथम एवं द्वितीय तल के विस्तारीकरण, यूआईईटी-4 भवन के तृतीय तल के विस्तार तथा विद्युत सब-स्टेशनों को जोड़ने के लिए एलटी पैनल रूम की भी आधारशिला रखी गई।

कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध, खेल और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक संसाधनों से युक्त परिसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप