यूपी बोर्ड : व्यक्तिगत माध्यम के परीक्षा फॉर्म 5 अगस्त तक अग्रसारित किए जाएंगे

 


मुरादाबाद, 28 जुलाई (हि.स.)। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के व्यक्तिगत माध्यम के परीक्षा फॉर्म 5 अगस्त तक अग्रसारित किए जाएंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) रितु तोमर का कहना है कि अग्रसारण केंद्र के प्रधान द्वारा सभी अर्ह व्यक्तिगत विद्यार्थियों से प्राप्त परीक्षा शुल्क को एक मुश्त चालान के माध्यम से कोषागार में दस अगस्त तक जमा किए जा सकेंगे। 16 अगस्त तक अग्रसारण केंद्र के प्रधान कोषागार में जमा किए गए परीक्षा शुल्क की सूचना व हाईस्कूल व इंटरमीडिएट व्यक्तिगत विद्यार्थियों से संबंधित शैक्षिक विवरणों को परिषद की वेबसाइट पर ऑलनाइन अपलोड करेंगे।

डीआईओएस ने कहा कि इसके अलावा प्रधानाचार्यों को अन्य महत्वपूर्ण तारीखों का विवरण जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के प्रमाण पत्रों व अंकपत्रों में उनके शैक्षिक विवरण नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, चयनित विषय आदि शुद्ध मुद्रित हो, इसके लिए प्रत्येक विद्यार्थी के विवरणों को अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य विद्यालय के अभिलेखों से जांच कर ही अपलोड करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल