पूर्व प्रधान की नीलगाय के हमले से मौत
बस्ती, 13 सितंबर (हि.स.)। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेहार के पूर्व प्रधान जैसराम (48) की रविवार सुबह नीलगाय के हमले में मौत हो गई। घटना बेहरा-सिंघोरिया मार्ग के बीच गन्ने के खेत के पास हुई। जैसराम अपने खेत की देखरेख के लिए निकले और नीलगाय के अचानक हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौके पर ही दम तोड़ दिया। जैसराम की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं। सबसे बड़े बेटे सूरज कुमार (30) की शादी हो चुकी है, जबकि रोहित कुमार (24) और मोहित कुमार (20) मुंबई में रहकर जीविकोपार्जन करते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके के गन्ने के खेतों और आसपास नीलगायों की मौजूदगी बनी रहती है। नीलगायों के अचानक हमलों से किसानों में भी चिंता का माहौल है। पूर्व प्रधान की मौत से पूरे गांव में शोक व्याप्त है।
कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया जैसराम की मौत नीलगाय के हमले से होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने भी नीलगाय के हमले की जानकारी दी है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी