पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का धूमधाम से मनाया गया जन्मदिन।

 




अमेठी, 23 मार्च (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद स्मृति ईरानी का जन्मदिवस सोमवार को अमेठी जनपद में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कर उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।

कार्यक्रम की शुरुआत कार्यालय परिसर में केक काटकर की गई, जिसके पश्चात समीप स्थित बूढ़न माई मंदिर में नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी उपस्थित जनों ने माँ के चरणों में नमन कर दीदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं लम्बी आयु के लिए प्रार्थना की।

इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल के नेतृत्व में माँ कालिकन भवानी मंदिर में विधिवत हवन-पूजन का आयोजन किया गया। हवन में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने आहुति देकर स्मृति के जीवन में निरंतर सफलता, ऊर्जा एवं जनसेवा की भावना बनी रहने की कामना किया । जनपद के विभिन्न क्षेत्रों—तपेश्वर धाम, मुसाफिरखाना, दादरा स्थित माँ हिंगलाज धाम एवं अहोरवा भवानी मंदिर में भी मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष पूजन-अर्चन किया गया। सभी ने एक स्वर में माँ दुर्गा से प्रार्थना की कि दीदी सदैव स्वस्थ, प्रसन्न एवं जनसेवा के मार्ग पर अग्रसर रहें।

यह आयोजन न केवल एक जन्मदिवस का उत्सव था, बल्कि जनसेवा, समर्पण और श्रद्धा का अद्भुत संगम भी रहा, जिसमें पूरे अमेठी जनपद की सहभागिता देखने को मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी