पूर्व छात्रों के अनुभव से विद्यार्थियों के लिए तैयार होंगे करियर और रोजगार के नए अवसर : सत्यदेव पचौरी
कानपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। विक्रमाजीत सनातन धर्म कॉलेज (वी.एस.एस.डी.) केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि कानपुर की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। इस संस्थान से शिक्षा प्राप्त करने वाले हजारों छात्र आज प्रशासन, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, व्यवसाय, कानून, राजनीति, विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में देश-समाज की सेवा कर रहे हैं। पूर्व छात्रों के अनुभव और विशेषज्ञता से वर्तमान विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, रोजगार, प्रशिक्षण और करियर के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। यह बातें शनिवार को वी.एस.एस.डी. कॉलेज एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं कानपुर के पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी ने कहीं।
नवाबगंज स्थित 105 वर्ष पुराने वी.एस.एस.डी. की शैक्षणिक विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से गठित एलुमनाई एसोसिएशन की प्रथम बैठक प्रार्थना कक्ष हॉल में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संस्थान के विकास में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।
एलुमनाई एसोसिएशन को पूर्व छात्रों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। वर्तमान में छह संरक्षक सदस्य, 41 आजीवन सदस्य तथा वार्षिक सदस्यों को मिलाकर करीब 150 पूर्व छात्र एसोसिएशन से जुड़ चुके हैं। आने वाले समय में देश-विदेश में कार्यरत अधिक से अधिक पूर्व छात्रों को इससे जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में देश-प्रदेश और विदेशों में विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे पूर्व छात्रों को एक मजबूत मंच से जोड़ने पर जोर दिया गया, ताकि उनके अनुभव, विशेषज्ञता और संपर्क का लाभ वर्तमान विद्यार्थियों के साथ-साथ वी.एस.एस.डी. के विकास को भी मिल सके।
एसोसिएशन के सचिव सीए सुधीन्द्र जैन ने कहा कि एलुमनाई एसोसिएशन को सक्रिय एवं परिणामोन्मुख मंच के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए पूर्व छात्रों का डेटाबेस तैयार करने, विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व छात्रों को जोड़ने तथा नियमित संवाद एवं कार्यक्रम आयोजित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन, इंटर्नशिप, रोजगार के अवसर, विशेषज्ञ व्याख्यान, उद्योगों से जुड़ाव एवं मेंटरशिप कार्यक्रम शुरू करने की योजना है।
कॉलेज की सचिव एवं भाजपा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सीए नीतू सिंह ने कहा कि वी.एस.एस.डी. के पूर्व छात्र इसकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। उनका अनुभव और सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत है। कॉलेज प्रशासन एलुमनाई एसोसिएशन के साथ मिलकर विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक एवं व्यावसायिक जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रयास करेगा।
कार्यक्रम समन्वयक श्याम बाबू गुप्त ने बताया कि बैठक में एलुमनाई एसोसिएशन की आगामी गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। वी.एस.एस.डी. के विकास में पूर्व छात्रों के सहयोग और सहभागिता के लिए अलग-अलग स्तर पर योजनाएं तैयार की जाएंगी।
बैठक में देश-विदेश में कार्यरत अधिक से अधिक पूर्व छात्रों को एलुमनाई एसोसिएशन से जोड़ने, विद्यार्थियों के लिए मेंटरशिप एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम विकसित करने, इंटर्नशिप, रोजगार और उद्योग से जुड़ाव के अवसर बढ़ाने तथा सफल पूर्व छात्रों के विशेषज्ञ व्याख्यान एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वी.एस.एस.डी. के विकास के लिए पूर्व छात्रों के सुझाव एवं सहयोग को व्यवस्थित रूप से जोड़ने के साथ एसोसिएशन की गतिविधियों को नियमित एवं दीर्घकालिक स्वरूप देने के लिए आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में एसोसिएशन के संरक्षक सदस्य वीरेंद्र जीत सिंह, अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी, राजकुमार लोहिया, नीतू सिंह, विधायक नीलिमा कटियार, अरुण पाठक, डॉ. अंशुल सिंह सेंगर, मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विजय कपूर, डॉ. दिवाकर मिश्रा, सचिव सीए सुधीन्द्र जैन, कार्यक्रम समन्वयक श्याम बाबू गुप्त, प्राचार्य डॉ. नीरू टंडन तथा अन्य पूर्व छात्र एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप