अमेठी में भाजपा के आधार स्तंभ थे दादा तेजभान सिंह : स्मृति ईरानी
अमेठी, 06 जुलाई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सोमवार को अमेठी जनपद के जमों ब्लॉक क्षेत्र के अचलपुर गांव पहुंचीं।उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं गौरीगंज विधानसभा से चार बार विधायक रहे स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि लंबी बीमारी के बाद चार जुलाई की सुबह लखनऊ स्थित मैक्स हॉस्पिटल में दादा तेजभान सिंह का निधन हो गया था। उनके निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान स्मृति ईरानी भावुक नजर आईं। उन्होंने दादा तेजभान सिंह के साथ बिताए अपने अनुभवों को याद करते हुए कहा कि उनके जाने से भाजपा ने अपना एक समर्पित और कर्मठ सिपाही खो दिया है।
मीडिया से बातचीत में स्मृति ईरानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता आज भी 'तेज विधायक, तेजभान सिंह जिंदाबाद' का नारा गर्व से लगाता है। वर्ष 2014 में जब मैंने पहली बार यह नारा सुना था, तभी महसूस हो गया था कि अमेठी में भाजपा की मजबूत नींव दादा तेजभान सिंह जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं ने रखी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कल्याण सिंह और राजनाथ सिंह जैसे नेताओं के नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने में दादा तेजभान सिंह जैसे कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अमेठी में भारतीय जनता पार्टी के आधार स्तंभ दादा तेजभान सिंह थे। आज हम उनके चरणों में शीश झुकाकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। जब तक भाजपा का कार्यकर्ता संवेदनशील, समर्पित और संघर्षशील रहेगा, तब तक दादा तेजभान सिंह हम सबके बीच प्रेरणा बनकर जीवित रहेंगे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं संगठन के प्रति समर्पण को याद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी