पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव का निधन, पार्टी में शोक की लहर
देवरिया, 24 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी महेंद्र यादव का मंगलवार सुबह गोरखपुर स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
स्व. महेंद्र यादव का पार्थिव शरीर गोरखपुर से उनके पैतृक गांव मुंडेरा लाया गया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर को बरहज स्थित गौरा घाट ले जाया गया, जहां उनके पुत्र ने मुखाग्नि दी। इस दौरान हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने पार्टी का झंडा ओढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महेंद्र यादव हम सभी के लिए अभिभावक समान थे। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी को नई दिशा देने का कार्य किया। उनका निधन पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन पर सदर सांसद शशांक मणि, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, सभाकुंवर कुशवाहा, सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, बरहज विधायक दीपक मिश्रा ‘शाका’, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दुबे, अंतर्यामी सिंह, मारकंडे शाही, विजय बहादुर दुबे, अजय शाही, रविंद्र कौशल, प्रमोद शाही, अजय उपाध्याय, ओमप्रकाश मौर्य सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक