मुरादाबाद मंडल की सभी तहसीलों में होगा राष्ट्रीय पुजारी परिषद का गठन : श्याम कृष्ण रस्तोगी
मुरादाबाद, 16 मई (हि.स.)। डिलारी रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, बहापुर सुरजन नगर में राष्ट्रीय पुजारी परिषद के संगठन विस्तार को लेकर शनिवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महन्त ताराचंद ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए परिषद के संस्थापक श्याम कृष्ण रस्तोगी ने कहा कि मंडल की सभी तहसील मुख्यालयों पर राष्ट्रीय पुजारी परिषद का गठन किया जाएगा।
श्याम कृष्ण रस्तोगी ने आगे बताया कि परिषद का उद्देश्य पुजारियों और पुरोहितों के हितों की रक्षा करना है। साथ ही सरकार से पुजारियों को 40,000 रुपये मासिक मानदेय देने और मंदिरों के संरक्षण की मांग भी उठाई गई। उन्होंने बताया कि परिषद मंदिरों में हिंदू संस्कार केंद्र स्थापित करने और धार्मिक त्योहारों में एकरूपता बनाए रखने के लिए भी कार्य कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि 05 जुलाई को मुरादाबाद में परिषद का छठा स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जिसमें करीब 500 पुजारी शामिल होंगे और संस्कृत छात्रों का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन पंडित विनोद शर्मा ने किया। बैठक में महंत ब्रह्मपाल नाथ, बलराम सिंह नाथ, विजयपाल शर्मा, रामनाथ सिंह, राजेंद्र सिंह, शकुंतला देवी सहित कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल