तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार वनकर्मी को कुचला, मौत

 




बांदा, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बांदा-फतेहपुर राजमार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार वन विभाग के लिपिक की मौत हो गई। हादसा तिंदवारी थाना क्षेत्र के मुंगुस गांव के पास तुलसी ढाबे के निकट हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर और चालक को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तिंदवारी थाना क्षेत्र के भगवती नगर निवासी 40 वर्षीय शाहिद सिद्दीकी बांदा वन विभाग में लिपिक के पद पर तैनात थे। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूटी से ड्यूटी के लिए बांदा जा रहे थे। मुंगुस गांव के पास कूड़ा निस्तारण केंद्र के नजदीक पीछे से आए डंपर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शाहिद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

शाहिद के चचेरे भाई अब्दुल मजीद ने बताया कि शाहिद पहले संविदा पर कार्यरत थे और करीब एक वर्ष पहले नियमित हुए थे। वह सेवानिवृत्त वनकर्मी अब्दुल वारिस के पुत्र थे। उनके कोई संतान नहीं थी। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी फरजाना का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।

क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि मुंगुस गांव के पास स्कूटी सवार की दुर्घटना में मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना में शामिल डंपर और चालक को कब्जे में ले लिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह