खाद्य विभाग ने ताराचंद मिष्ठान भंडार के गोदाम मारा छापा, नमूने जांच के लिए भेजा

 




हाथरस, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र स्थित जवाहर बाजार में ताराचंद मिष्ठान भंडार के गोदाम पर बुधवार काे खाद्य विभाग ने छापा मारा। छापेमारी के दौरान उपजिलाधिकारी रितु सिरोही, संबंधित खाद्य विभाग के अधिकारी तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

खाद्य विभाग की टीम ने मिष्ठान भंडार के गोदाम में पहुंचकर वहां तैयार किए जा रहे घी एवं अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया की जांच की। टीम ने खाद्य पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के नमूने भी लिए। जांच के दौरान खाद्य सामग्री तैयार करने के तरीके और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने नाराजगी जताई तथा संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारियों और संचालकों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरी और मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री तैयार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और पैकिंग आदि की जांच जरूर करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना