खाद्य विभाग ने नवरात्रि पर शुरू किया अभियान, 400 किलोग्राम कुट्टू का आटा सीज
नोएडा, 18 मार्च (हि.स.)। खाद्य विभाग ने चैत्र नवरात्रि को लेकर कुट्टू का आटा और अन्य खाद्य सामग्री के खिलाफ अभियान शुरू किया है। बुधवार को पहले ही दिन विभाग ने ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा गांव से बड़ी मात्रा में 400 किग्रा कुट्टू का आटा सीज किया है। जो पैकेट में और खुला हुआ था। उसकी गुणवत्ता की कोई जानकारी विक्रेताओं के पास नहीं थी। जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई की। साथ ही विभाग ने अन्य जगह से जांच के बाद कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के 07 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।
सहायक आयुक्त द्वितीय खाद्य सर्वेश मिश्रा ने बताया कि चैत्र नवरात्रि को लेकर अभियान शुरू किया गया है। 08 टीमों को निरीक्षण में लगाया गया है। पहले दिन टीमों ने अलग-अलग जगहों पर जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने कुलेसरा में संतोष ट्रेडर्स के यहां जांच की। जांच के दौरान वहां 240 किग्रा कुट्टू आटा खुला मिला। उसे खरीदने का कोई बिल भी नहीं था। निर्माण होने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। यहां पर 250 ग्राम के 244 पैकेट भी मिले। जिन पर निर्माण तिथि व बैच नंबर अंकित नहीं था। दोनों का एक-एक नमूना लेकर बाकी आटे को सीज कर दिया गया। इसके बाद टीम कुलेसरा गांव में मुस्कान ट्रेडर्स के यहां पहुंची। वहां 70 किग्रा कुट्टू आटा खुला मिला। उसका भी बिल और निर्माण तिथि की जानकारी नहीं मिली। यहां पर 250 के 145 पैकेट मिले। जिन पर निर्माण व बैच नंबर की जानकारी नहीं थी। यहां से भी एक-एक नमूना लेने के बाद बाकी आटे को सीज कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों जगह से कुल 400 किग्रा आटा सीज किया गया है। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह व एसके पांडेय की टीम ने नोएडा के सेक्टर 49 स्थित श्री श्याम डीएसबी फुलफिलमेंट सॉल्यूशन से कुट्टू आटा और सिंघाड़े के आटे का एक-एक नमूना लिया गया है। कुल 7 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी