दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, 30 किलो पनीर कराया नष्ट

 


बाराबंकी, 03 नवंबर (हि.स.)।दीपावली पर्व पर मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी का अभियान चलाया। इस दौरान 15 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध, दही, खोया, पनीर, मिठाई और पेयजल समेत कुल 10 नमूने गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए।

रामसनेहीघाट के मुरारपुर में संदिग्ध खाद्य पदार्थों के परिवहन की आशंका पर एक वाहन की जांच की गई। यहां से दूध, दही, खोया और पनीर के नमूने लिए गए। दूषित पाए जाने पर करीब 30 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत नौ हजार रुपये है, मौके पर नष्ट कराया गया। छुलिहा स्थित राजेश वर्मा की पनीर डेयरी से भी दूध और पनीर के नमूने लिए गए।

सिरौलीगौसपुर के मरकामऊ स्थित जीशान मिष्ठान भंडार से पेड़े का नमूना लिया गया। वहीं, जय भोले स्वीट्स शॉप से एक्सपायर्ड चॉकलेट, बेकरी रस्क, बादाम, सॉस और कोल्ड ड्रिंक समेत करीब पांच हजार रुपये की खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। माती बाजार स्थित यादव स्वीट्स से खोया और सफेदाबाद स्थित मां वैष्णो स्वीट्स से दूध बर्फी का नमूना लिया गया। हिंद मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल की कैंटीन से पेयजल का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।

इसके अलावा देवा मेला के आस्ताना रोड पर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अभियान में कुल 14 हजार रुपये की खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरद पांडेय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने दुकानदारों को मिठाइयों में रंगों का कम प्रयोग करने और निर्माण स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी। आमजन को भी चटक रंगों वाली मिठाइयों से परहेज करने तथा खरीदारी के समय दुकानों की साफ-सफाई पर ध्यान देने की सलाह दी गई। विभाग ने बताया कि दीपावली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी